बिलासपुर
बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता गोविंदा की धर्मपत्नी सुनीता आहूजा ने आज अपनी बेटी टीना आहूजा के साथ विख्यात तीर्थ स्थल माता श्री नैना देवी जी के दर्शन किए। उन्होंने मां के चरणों में नतमस्तक होकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर के पुजारी अमित कुमार ने सुनीता आहूजा और उनकी बेटी से विधिपूर्वक पूजा-अर्चना करवाई। साथ ही, प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां भी डलवाई। पुजारी अमित शर्मा ने उन्हें माता श्री नैना देवी जी के इतिहास, चमत्कारों और मंदिर में होने वाली आरतियों एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
मंदिर न्यास की ओर से सुनीता आहूजा का माता की चुनरी और प्रसाद भेंट कर स्वागत किया गया तथा स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया गया।
इसी दौरान सुनीता आहूजा ने कहा कि वह हर वर्ष माता चिंतपूर्णी, माता श्री ज्वाला जी और ब्रजेश्वरी मंदिर के दर्शन करती आ रही हैं, लेकिन माता श्री नैना देवी जी के दर्शन करने का सौभाग्य उन्हें पहले नहीं मिला था। इस बार उन्होंने यात्रा की शुरुआत माता श्री नैना देवी जी के चरणों में मत्था टेककर की है, ताकि मां का आशीर्वाद पाकर आगामी चिंतपूर्णी और ज्वाला जी मंदिर के दर्शन भी सफलतापूर्वक कर सकें।
माता श्री नैना देवी मंदिर के प्रशासन ने बताया कि मंदिर में दर्शन और पूजा के दौरान सुनीता आहूजा ने पूरे श्रद्धा भाव से मां की आराधना की और परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।