सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल ने मोदी सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट हर देशवासी के सपनों को साकार करने के साथ ही विकसित भारत के मिशन को पूरा करने वाला भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बजट में हर वर्ग के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। बजट में 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स फ्री करके मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत दी गई है। इसके लिए प्रधानमंत्री के साथ ही वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है।
त्रिलोक जमवाल ने कहा कि मोदी सरकार के 12वें बजट में अन्नदाता कहे जाने वाले किसानों पर विशेष फोकस किया गया है। किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख की गई है। देश में दालों का उत्पादन बढ़ाने के लिए 6 वर्ष का मिशन चलाने का निर्णय लिया गया है। इससे दालों के लिए विदेशों पर निर्भरता कम होगी। युवाओं को ध्यान में रखते हुए स्टार्ट-अप के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का फंड बनाने का फैसला भी लिया गया है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए टैक्स छूट दोगुनी करने के साथ ही कैंसर समेत कई अन्य गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए 36 जीवन रक्षक दवाइयां पूरी तरह से टैक्स फ्री की जाएंगी। मेडिकल उपकरण और कैंसर की दवाइयां भी सस्ती होंगी।
त्रिलोक जमवाल ने कहा कि बजट में मातृ शक्ति का भी पूरा ध्यान रखा गया है। अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग की 5 लाख महिलाओं को अगले 5 वर्ष में 2 करोड़ रुपये तक का टर्म लोन दिया जाएगा। आंगनबाड़ी योजना के तहत देश में 8 करोड़ से अधिक बच्चों और एक करोड़ से अधिक महिलाओं को पौष्टिक भोजन मिलेगा। कुल मिलाकर यह बजट किसान, गरीब, मध्यम वर्ग व महिला तथा बच्चों की शिक्षा, पोषण व स्वास्थ्य से लेकर स्टार्ट-अप, नवाचार और निवेश तक हर क्षेत्र को समाहित करता आत्मनिर्भर भारत का रोडमैप है। अर्थव्यवस्था के मामले में भारत जल्द ही विश्व में पांचवें से तीसरे स्थान पर पहंुचेगा।