बिलासपुर
यंग इंडिया बोल सीजन-5 का आज बिलासपुर में औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय स्तर पर प्रवक्ता चुनने के लिए प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ₹250 में ऑनलाइन पंजीकरण किया जाएगा।
ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष माही जी एवं सदर अध्यक्ष थूमन जी ने प्रेसवार्ता में बताया कि यह प्रतियोगिता देशभर के प्रतिभाशाली वक्ताओं को एक मंच देने का काम करेगी। इसमें राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को ₹50,000, द्वितीय को ₹40,000 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को ₹25,000 की नकद राशि दी जाएगी। इसके अलावा महिला प्रतिभागी जो प्रथम स्थान प्राप्त करेगी, उसे भी ₹40,000 का पुरस्कार मिलेगा।
प्रतियोगिता के विजेताओं को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी
इस प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः राष्ट्रीय प्रवक्ता, राज्य प्रवक्ता और जिला प्रवक्ता के रूप में चुना जाएगा।
इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम "बेरोजगारी और नशा" रखी गई है। युवा कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2 करोड़ नौकरियों के वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्तमान में सालाना 2 लाख नौकरियां भी युवाओं को नहीं मिल रही हैं।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर विशेष रूप से पूर्व विधायक बंबर ठाकुर उपस्थित रहे। इसके अलावा युवा कांग्रेस के पूर्व महासचिव नतीश ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष उमर, जिला महासचिव बिलाल, शहरी अध्यक्ष अभय, शहरी उपाध्यक्ष कमल, एनएसयूआई कैंपस अध्यक्ष जुनैद, मोहित, विकास, हर्षित सहित कई युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
युवा कांग्रेस ने इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को इस मंच से जुड़ने का अवसर मिल सके।