बिलासपुर: सुनील ठाकुर
घुमारवीं शहर के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने 33 वर्षीय युवक के पेट से ऑपरेशन कर 33 सिक्के निकाले हैं। युवक को पेट दर्द की शिकायत के बाद 31 जनवरी को अस्पताल लाया गया था, जहां विभिन्न जांचों के बाद डॉक्टरों ने सिक्के होने की पुष्टि की। ऑपरेशन के दौरान युवक के पेट से 2, 10 और 20 रुपये के कुल 33 सिक्के निकाले गए, जिनका कुल वजन 247 ग्राम था।
तीन घंटे तक चला ऑपरेशन
सर्जन डॉक्टर अंकुश ने बताया कि यह ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण था क्योंकि मरीज का पेट गुब्बारे की तरह फूल गया था और सिक्के पूरे पेट में फैल चुके थे। ऑपरेशन थिएटर में सीआर मशीन की मदद से सिक्कों की सटीक लोकेशन का पता लगाया गया और फिर तीन घंटे की मेहनत के बाद इन्हें बाहर निकाला गया।
सिजोफ्रेनिया से पीड़ित है युवक
डॉक्टरों के अनुसार, युवक सिजोफ्रेनिया (मनोविदलता) नाम की मानसिक बीमारी से पीड़ित है, जिसके कारण उसे सिक्के खाने की आदत पड़ गई। सिजोफ्रेनिया एक मानसिक विकार है, जिसमें मरीज के विचार और अनुभव वास्तविकता से मेल नहीं खाते। इस बीमारी में भ्रम और वहम प्रमुख लक्षण होते हैं, जिससे व्यक्ति असामान्य हरकतें करने लगता है।
फिलहाल स्थिति स्थिर
डॉक्टरों ने बताया कि ऑपरेशन सफल रहा और युवक की हालत अब स्थिर है। विशेषज्ञों का कहना है कि मानसिक रोगियों की नियमित निगरानी और सही इलाज जरूरी है, ताकि वे इस तरह की हानिकारक गतिविधियों से बच सकें।